
राजनांदगांव।
प्रेरणा स्कूल ग्राम तिलई में सोमवार 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही उत्साह, देशभक्ति और सामाजिक सहभागिता के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, ग्रामवासी एवं लायंस क्लब राजनांदगांव सिटी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ध्वजारोहन के साथ गूंजा राष्ट्रगान
समारोह का शुभारंभ एम.जे.एफ. लायन अध्यक्ष अमित खण्डेलवाल के करकमलों द्वारा ध्वजारोहन के साथ हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया और वातावरण गर्व व उत्साह से भर उठा।
विद्यालय संचालन हेतु लायंस क्लब को सौंपा गया प्रस्ताव
इस अवसर पर ग्राम तिलई के समस्त ग्रामवासियों, विद्यालय के प्राचार्य एवं अध्यक्ष द्वारा एक सर्वसम्मत प्रस्ताव तैयार कर प्रेरणा विद्यापीठ स्कूल के संचालन एवं विकास हेतु लायंस क्लब राजनांदगांव सिटी को सौंपा गया।
25 वर्षों से मिल रहा निरंतर सहयोग
लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन अमित खण्डेलवाल ने कहा कि लायंस क्लब की जोन चेयरपर्सन लायन शारदा तिवारी जी पिछले लगभग 25 वर्षों से अपने सहयोगियों के साथ विद्यालय को निरंतर सहयोग प्रदान करती आ रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव पर लायंस क्लब की आगामी बोर्ड मीटिंग में विस्तार से चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
श्रीमती शीला कोठारी की प्रेरणा से हुए अनेक कार्य
लायन शारदा तिवारी जी ने बताया कि श्रीमती शीला कोठारी जी की प्रेरणा से विद्यालय के प्रति समर्पण भाव रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जो आज भी निरंतर जारी हैं।
बच्चों के लिए स्वल्पाहार, दिखा खास उत्साह
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में प्रेरणा स्कूल तिलई के विद्यार्थियों को स्वल्पाहार कराया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।




