
पूर्व नागपुर महानगरपालिका चुनाव के घोषित नतीजों ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सभी 12 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस शानदार सफलता के केंद्र में छत्तीसगढ़ के धरसींवा विधायक एवं स्टार प्रचारक अनुज शर्मा की सशक्त रणनीति और प्रभावी चुनावी प्रचार रहा।
अनुज शर्मा के नेतृत्व में चला विकास का विजन

चुनाव प्रचार के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने विशाल जनसभाओं के साथ-साथ घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया और विकास आधारित राजनीति का स्पष्ट विजन जनता के सामने रखा। इसका असर चुनाव परिणामों में साफ तौर पर देखने को मिला।
12 में से 12 वार्डों में बीजेपी प्रत्याशियों की जीत
पूर्व नागपुर के जिन 12 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, उनमें विशाल नगर, मिनीमाता चौक, डिप्टी सिग्नल, लक्ष्मी नगर, श्याम नगर, अंबे नगर सहित अन्य प्रमुख प्रभाग शामिल हैं। सभी सीटों पर भारी मतों से जीत हासिल कर पार्टी ने विपक्ष को कोई मौका नहीं दिया।
जनता के बीच अनुज शर्मा की लोकप्रियता बनी जीत की वजह
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अनुज शर्मा की साफ-सुथरी छवि, सहज व्यवहार और विकास के प्रति प्रतिबद्धता ने शहरी मतदाताओं को खासा प्रभावित किया। विशेषकर युवा वर्ग और महिलाओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में निर्णायक साबित हुआ।
विधायक अनुज शर्मा ने जताया जनता और कार्यकर्ताओं का आभार
शानदार जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा—
“आज नागपुर की देवतुल्य जनता ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे केवल विकास की राजनीति को चुनते हैं। यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन का परिणाम है। मैं नागपुर के प्रत्येक मतदाता का ऋणी हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि 12 नव-निर्वाचित पार्षदों की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है और नागपुर को स्वच्छता, शिक्षा एवं आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में नंबर वन बनाना प्राथमिकता होगी।
कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया गया। समर्थकों ने इसे विकास की राजनीति की जीत बताया।
जीत नहीं, विकास की नई शुरुआत: अनुज शर्मा
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह जीत केवल उत्सव मनाने के लिए नहीं, बल्कि पूर्व नागपुर में विकास कार्यों की नई शुरुआत है। जिन 12 वार्डों में भाजपा को जीत मिली है, वहां अब विकास की गंगा बहेगी और जनता के विश्वास पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।




