
राजनांदगांव।
राजनांदगांव जिले के पदुमतरा गांव में राम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 1 जनवरी 2026 को विधिविधान पूर्वक माँ बगलामुखी यज्ञ के साथ किया गया।
इसके पश्चात 2 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय संत श्री युवराज पांडेय जी महाराज के मुखारविंद से कथा वाचन हो रहा है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा के अंतर्गत आज भगवान श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण और प्रेरणादायी वर्णन किया गया। संत श्री युवराज पांडेय जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण, उनकी दिव्य लीलाओं और धर्म स्थापना के संदेश को सरल एवं प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस धार्मिक आयोजन में डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, ओमप्रकाश साहू सहित समस्त पदुमतरा ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। कथा के दौरान व्यासपीठ में विराजमान संत श्री युवराज पांडेय जी महाराज से पत्रकार अंकालू साहू ने भी आशीर्वाद प्राप्त किया।




