
बालोद।
पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में बालोद पुलिस द्वारा जिले में निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में दिनांक 15 दिसंबर 2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा/ज द्वारा ग्राम नेवारी कला में आयोजित 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के अंतर्गत बौद्धिक परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, महिला-बाल संरक्षण एवं नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

साइबर जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित अहम जानकारियाँ दी गईं। इसमें 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर, www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, अनजान लिंक पर क्लिक करने व OTP साझा करने के खतरों, सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड तथा APK फाइल डाउनलोड से मोबाइल हैकिंग व धोखाधड़ी की आशंका के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने पर जोर दिया गया।
महिला एवं बाल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम में महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और सहायता प्रकोष्ठों की जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, बाल शोषण एवं मानव तस्करी जैसे अपराधों से बचाव पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को 1091 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्डलाइन) के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।
नशामुक्ति अभियान – “नशा मुक्त भारत की ओर”
नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नशा शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, पारिवारिक-सामाजिक तनाव बढ़ाता है तथा अपराध और सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर स.उ.नि. श्रीमती सीता गोस्वामी (महिला सेल बालोद), द्रौपति साहू (महिला आरक्षक), प्रधान आरक्षक रामलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मनीष ठाकुर (साइबर सेल), श्रीमती पूर्णिमा साहू (चाइल्ड केयर काउंसलर), हेमशंकर (केस वर्कर, महिला बाल विकास विभाग), श्री खिलेश कुर्मास गंगासागर (कार्यक्रम अधिकारी, रासेयो इकाई), श्री सूर्यकांत साहू (व्यावसायिक शिक्षक) सहित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा/ज के विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।




