छत्तीसगढ़

किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदने के वादे से सरकार मुकर रही : जितेन्द्र मुदलियार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण, नापतोल और टोकन व्यवस्था पर उठे सवाल

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कन्हारपुरी, मोहारा, सुरगी और भर्रेगांव धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। किसानों ने नापतोल में गड़बड़ी, टोकन जारी करने में अनियमितता और रकबा संशोधन को लेकर हो रही परेशानियों की जानकारी दी।

नापतोल और टोकन व्यवस्था पर किसानों की शिकायत 

किसानों ने बताया कि जिन किसानों का पहले से टोकन जारी है लेकिन उन्होंने धान नहीं बेचा, उन्हें अब धान बेचने में दिक्कत आ रही है। पहले 10 एकड़ में 3 टोकन मिलते थे, लेकिन अब केवल 2 टोकन मिल रहे हैं, जिससे कई किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। टोकन दोबारा जारी कराने में भी परेशानी हो रही है।

रकबा संशोधन और वारिसान पंजीयन बना समस्या

किसानों ने बताया कि वारिसान पंजीयन और रकबा संशोधन के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एसडीएम कार्यालय में रकबा संशोधन की अंतिम तिथि 15 तारीख तय की गई थी, लेकिन उसे आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे कई किसान वंचित रह गए।

 जबरन कट्टा समर्पण पर जताई आपत्ति

पूर्व में पटवारियों द्वारा रकबा समर्पण और अब खरीदी केंद्रों में कट्टा समर्पण के लिए किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है। इस पर जितेन्द्र मुदलियार ने प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी किसान से जबरन समर्पण न कराया जाए।

उठाव कम होने से खरीदी प्रभावित

केंद्र प्रबंधकों ने बताया कि उठाव कम होने के कारण धान खरीदी प्रभावित हो रही है। इस पर मुदलियार ने तत्काल जिला खाद्य अधिकारी से चर्चा कर व्यवस्था सुधारने की मांग की।

भाजपा पर वादा खिलाफी का आरोप

जितेन्द्र मुदलियार ने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक किसानों को यह राशि एकमुश्त नहीं मिली। कई जगह 40 किलो 900 ग्राम तक धान लिया जा रहा है और हमालों द्वारा 7 रुपये प्रति बोरा शिफ्टिंग खर्च किसानों से वसूला जा रहा है।

किसानों के घर जाकर सत्यापन पर नाराजगी

उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा किसानों के घर जाकर धान का सत्यापन करना गलत है, इससे किसानों में नाराजगी है और वे खुद को संदेह की नजर से देखा जाना महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है।

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान पूर्व महापौर हेमा देशमुख, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, पूर्व एल्डरमेन मामराज अग्रवाल, उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली, दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यकांत जैन, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रोहित चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!