
धरसींवा | धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर परिसर में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन युवा महोत्सव ‘मड़ई-2025’ का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर सांस्कृतिक उल्लास, युवा ऊर्जा और छत्तीसगढ़ी परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
39 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा की चमक
युवा महोत्सव ‘मड़ई-2025’ में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध प्रदेश के 39 महाविद्यालयों के प्रतिभागी छात्रों ने हिस्सा लिया। लोकनृत्य, संगीत, साहित्य, नाट्य कला एवं ललित कला की 25 विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं में 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आकर्षक शोभायात्रा बनी महोत्सव का केंद्र
कृषक सभागार परिसर में विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों द्वारा पारंपरिक वेश-भूषा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
‘मड़ई केवल मेला नहीं, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा है’ – अनुज शर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि “मड़ई केवल एक मेला नहीं है, यह छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा, हमारी एकता का प्रतीक और हमारी परंपराओं का उत्सव है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ऐसे आयोजनों से जीवन को समझने और अपनी जड़ों से जुड़ने की सीख मिलती है।
छत्तीसगढ़ी बोली और लोकनृत्य ही हमारी असली पहचान
विधायक शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा—
“छत्तीसगढ़ी हा हमर चिनहारी ए, अऊ ए चिनहारी ला बना के रखना हमर जिम्मेदारी ए।”
उन्होंने पंथी, सुआ, करमा, राउत नाचा जैसे लोकनृत्यों को मंच पर जीवंत रखने को सबसे बड़ी देशभक्ति बताया और युवाओं के इस संकल्प की सराहना की कि वे अपनी माटी की खुशबू को दुनिया तक पहुँचा रहे हैं।
युवाओं से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना अपनाने की अपील
विधायक ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवा राजनीति, कला, विज्ञान और खेल हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता है।
आयोजकों को बधाई, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना
अपने संबोधन के अंत में विधायक अनुज शर्मा ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




