गुरु घासीदास जयंती पर गुंडरदेही क्षेत्र में विविध आयोजन, विधायक कुंवर सिंह निषाद हुए शामिल
गुंडरदेही (छत्तीसगढ़)

सतनाम पंथ के प्रवर्तक, सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक समरसता के महान संदेशवाहक गुरु बाबा घासीदास जी की जयंती के अवसर पर गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न ग्रामों में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री कुंवर सिंह निषाद जी ग्राम नाहंदा, बोरगहन (फुण्डा) एवं फुलझर (पैरी) में आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।


जयंती समारोह के दौरान ग्राम बोरगहन (फुण्डा) में सतनामी समाज खुला मंच निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक श्री निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु बाबा घासीदास जी ने समाज को सत्य, एकता, भाईचारे और समरसता का मार्ग दिखाया। सत्य के प्रति उनकी अटूट आस्था के कारण बचपन से ही उनके जीवन में अनेक चमत्कार देखने को मिले, जिनका समाज पर गहरा प्रभाव पड़ा।

उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी के सात्विक जीवन, उनके उपदेशों एवं जीवनी का प्रचार-प्रसार पंथी गीत एवं नृत्य के माध्यम से व्यापक रूप से हुआ है, जो आज छत्तीसगढ़ की एक प्रख्यात लोक विधा के रूप में पहचानी जाती है।
विधायक ने आगे कहा कि गुरु घासीदास जी ने समाज को सात्विक जीवन जीने की प्रेरणा दी और अपनी तपस्या से प्राप्त ज्ञान व शक्ति को मानवता की सेवा में समर्पित किया।
कार्यक्रम में भोजराज साहू (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही), रामेश्वर चंद्राकर (जनपद सदस्य), श्रीमती ममता सेन (जनपद सदस्य), श्रीमती राजेश्वरी पडोटी (सरपंच), श्रीमती प्रतिमा देशलहरे (सरपंच), संतराम चंद्राकर, रामसागर सिन्हा, शंकरलाल देशलहरे, सुनील चंद्राकर, सागर साहू, सुखदेव जोशी, लक्ष्मण कुमार जोशी, मनीष सेन, चित्रांश सहित बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




