
धरसींवा।
बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। ग्राम धनसुली, बरौंडा, सिलयारी, मौहागांव, सिलतरा, सोण्ड्रा, निमोरा, गुमा, पिरदा सहित नगर पंचायत खरोरा व कुंरा में शोभायात्रा, पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने गुरु गद्दी की पूजा-अर्चना कर बाबा गुरु घासीदास जी से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने बाबा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उपस्थित जनसमूह को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
विधायक अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु घासीदास बाबा जी केवल एक महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि शांति, सत्य और साहस के मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। बाबा जी ने सदियों पहले ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव के विरुद्ध जो अलख जगाई थी, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

उन्होंने बाबा के संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को याद करते हुए कहा कि गिरौदपुरी की तपोभूमि से दिया गया यह मंत्र मानवता की परिभाषा को मजबूत करता है। बाबा गुरु घासीदास जी ने ‘सतनाम’ के मार्ग को जीवन का सच्चा मार्ग बताया और मनुष्यों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के प्रति भी दया भाव रखने की शिक्षा दी।
विधायक ने कहा कि हमारी सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। गिरौदपुरी धाम केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि बाबा के विचारों की जीवंत पाठशाला है। “सबका साथ, सबका विकास” का संकल्प बाबा के समानता के संदेश का ही विस्तार है।

जयंती कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा मनमोहक पंथी नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। अंत में विधायक अनुज शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को गुरु घासीदास जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




