छत्तीसगढ़दुनिया

गुरूर में मवेशी तस्करी के शक में मारपीट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार

बालोद (छत्तीसगढ़)

थाना गुरूर पुलिस ने मवेशी तस्करी के शक में तीन युवकों से मारपीट करने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। घटना 06 दिसंबर की रात ग्राम भरदा-पेंवरो मोड़ के पास हुई थी, जहां अज्ञात लोगों ने मवेशी ले जा रहे तीन व्यक्तियों को रोककर उनके साथ मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी सतीष साहू (31 वर्ष) निवासी रांवा थाना अर्जुनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथियों वेदप्रकाश साहू और बलराम साहू के साथ 6 मवेशी खरीदकर करहीभदर बाजार ले जा रहा था। इसी दौरान रात लगभग 11.15 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने गाड़ी को रोककर चाबी निकाल ली और गाली-गलौज करते हुए डंडा, हाथ व चुड़ा से मारपीट की। हमले में तीनों घायल हो गए। गंभीर हालात देखते हुए सभी को धमतरी क्रिश्चियन अस्पताल रेफर किया गया, जहां बलराम साहू के पैर में फ्रैक्चर पाया गया।

 

मामले में थाना गुरूर पुलिस ने अपराध क्रमांक 242/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के मार्गदर्शन में CCTV फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर तीन संदिग्धों—धरम सारथी, दुष्यंत शिल्पी और खोमेन्द्र उर्फ दद्दू सोरी—को हिरासत में लिया गया।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट Gurur के समक्ष घायलों ने तीनों आरोपियों की शिनाख्त की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त डंडा भी पेश किया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया है।

थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में आगे भेजा जा रहा है। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

थाना गुरूर पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की हिंसात्मक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!