
धमतरी जिले के रत्नाबांधा रोड स्थित डॉक्टर राठौर के घर फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर छापेमारी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में बालोद जिले के एक कथित मीडियाकर्मी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं—
संजय रामटेके (34 वर्ष) — निवासी झुर्रीपारा, बालोद (कथित पत्रकार)
गजेन्द्र कुमार साहू (31 वर्ष) — निवासी कुसुमकसा
जितेन्द्र कुमार बघेल (32 वर्ष) — निवासी भाठापारा रजौली रनचिरई
(वर्तमान पता: मुकिम हाउसिंग बोर्ड, एलआईजी-717, सेजबहार, थाना मुजगहन, रायपुर)
चेतन साहू (44 वर्ष) — निवासी सांगली, गुरूर
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
धमतरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204, 319(2), 331(3), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, मामला गंभीर प्रकृति का होने के कारण सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
साइबर सेल की भूमिका अहम
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपियों की लोकेशन और आपसी संपर्क का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस की टीमें बालोद, दल्लीराजहरा, दुर्ग, रायपुर और नागपुर (महाराष्ट्र) भेजी गईं। तकनीकी इनपुट के आधार पर सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर धमतरी लाया गया।
200 करोड़ की अफवाह से रची गई साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें सूचना मिली थी कि प्रार्थी के घर में लगभग 200 करोड़ रुपये नकद रखे हैं। इसी लालच में आरोपियों ने आपस में संपर्क कर फर्जी इनकम टैक्स टीम बनाकर सुनियोजित षड्यंत्र रचा और छापेमारी की वारदात को अंजाम दिया।
जनता से पुलिस की अपील
मामले के खुलासे के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि—
किसी भी सरकारी कार्रवाई के दौरान
संबंधित अधिकारियों के पहचान पत्र और वैध आदेश/वारंट की जांच अवश्य करें
किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें




