छत्तीसगढ़दुनियादेश

बालोद पुलिस का सख्त यातायात अभियान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 1.95 लाख से अधिक का जुर्माना

बालोद छत्तीसगढ़

बालोद। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा विगत तीन दिनों से शाम के समय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 12 वाहन चालकों को पकड़कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय द्वारा आरोपियों पर कुल 1,35,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके साथ ही 11 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एक वाहन चालक द्वारा दूसरी बार शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में उसका लाइसेंस स्थायी रूप से निलंबित किए जाने हेतु परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है।

इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 199 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 60,200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

यह संपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद श्री देवांश सिंह राठौर और यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस बालोद एवं जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा चलाया गया।

 

यातायात पुलिस बालोद द्वारा लगातार वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें, सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं, तथा रात्रि में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग करें।

बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!