
बालोद जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर ग्राम टेकापार में बालोद–दुर्ग मुख्य मार्ग के किनारे एक दुकान के तीन शेड की लोहे की पाइप से फांसी लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शव को लटका देखा, जिसके बाद बालोद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान ग्राम अड़जाल निवासी उमाशंकर उर्फ भागवत गुप्ता के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दुकान चलाता था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक अड़जाल गांव में बिजली सामान और मोटर मैकेनिकल की दुकान का संचालन करता था। बताया गया कि करीब छह महीने पहले भी उसने जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया था।
सुसाइड नोट में स्वास्थ्य कारण
मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने आत्महत्या का कारण अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या बताया है। नोट में सांस लेने में लगातार हो रही तकलीफ और इलाज में बढ़ते खर्च का जिक्र किया गया है।

चरोदा जाने की बात कहकर निकला था
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक मंगलवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह चरोदा (भिलाई) जा रहा है। इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।




