
गुंडरदेही।
के. के. स्पोर्ट अर्जुंदा एवं समस्त नगरवासी अर्जुंदा द्वारा आयोजित ग्रामीण स्तरीय श्रद्धांजलि कप कार्क बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह योगनाला मैदान (मटेवाभाठा) में बड़े ही उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुंडरदेही विधानसभा के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री कुंवर सिंह निषाद जी रहे, जिन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि युवा खिलाड़ियों का जोश, खेल भावना और प्रतिभा देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि “खेल स्वस्थ समाज की आधारशिला है तथा युवाओं में अनुशासन, एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, इसलिए हारने वाले खिलाड़ी निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों को दूर कर अगली बार बेहतर प्रदर्शन करें।”
उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने, खेलों के साथ शिक्षा में भी रुचि लेकर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विधायक ने क्रिकेट क्लब के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नगर पंचायत अर्जुंदा अनुभव शर्मा, पार्षद राजू पारख, नुरेंद्र ठाकुर, गुमान यादव, अज्जू ठाकुर, कोजम दास टंडन, अशोक गजेंद्र, डोमन यादव, अरविंद यादव, रूपेश निषाद, सनी यादव सहित क्रिकेट क्लब के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।




