
धरसींवा।
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांढर में शनिवार को विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर संकल्प भारत बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा तथा मोतीलाल साहू मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। दोनों वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि देश को अपने पैरों पर खड़ा करने वाला संकल्प है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता का अर्थ है—राष्ट्र अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा करने में सक्षम हो तथा बाहरी निर्भरता कम करते हुए आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत बने।

अनुज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 में कोरोना काल के दौरान आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य था—देश को चुनौतियों से निपटने के लिए आर्थिक रूप से सशक्त बनाना। इस अभियान के तहत कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा और उद्योग समेत कई क्षेत्रों में सुधार किए गए हैं।
विधायक ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ आत्मनिर्भरता की भावना को और मजबूती देता है। भारत आत्मनिर्भरता की राह पर चलते हुए दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा करना और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान स्थापित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए और इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा व मोतीलाल साहू के साथ जिला एवं जनपद सदस्य, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




