
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पासिंग क्रेटा कार (MH 04 MA 8035) से ढाई करोड़ रुपये से अधिक नकद रकम बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार गुंडरदेही क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर बालोद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित पड़कीभाट बायपास के पास वाहन को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को सीट के नीचे एक गुप्त चैम्बर मिला, जिसमें लाखों रुपये के नोट रखे गए थे। चैम्बर पर ताला लगा हुआ था, जिसे खोलने के बाद नकदी बरामद की गई।
जांच में जुटी पुलिस, नकदी की गिनती जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी योगेश पटेल और एसडीओपी देवांश सिंह राठौर स्वयं थाने पहुंचे और नकदी की गिनती शुरू करवाई। प्रारंभिक जांच में यह रकम करोड़ों में होने की पुष्टि हुई है।

एसडीओपी राठौर ने बताया कि बरामद धनराशि की सटीक गिनती जारी है और यह जांच की जा रही है कि पैसा कहां से लाया जा रहा था और कहां भेजा जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आयकर विभाग (आईटी) को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई उसी के माध्यम से की जाएगी।




