
गुण्डरदेही विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने आज ग्राम देवरी (क) में उत्कर्ष कर्मचारी संघ और ग्रामवासियों द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह एवं महिला सशक्तिकरण” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में विधायक श्री निषाद ने शिक्षा को समाज की प्रगति और उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षा वह शक्ति है जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित होते देखकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि हमारा भविष्य उज्जवल है।” उन्होंने इस सम्मान को केवल विद्यार्थियों के व्यक्तिगत परिश्रम का नहीं, बल्कि उनके परिवार के संस्कारों और समाज की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बताया।

विधायक जी ने उत्कर्ष कर्मचारी संघ की सराहना करते हुए कहा कि संघ शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य कर रहा है, जो नई पीढ़ी को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संघ के प्रयासों के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन शिक्षा, सशक्तिकरण और सामुदायिक एकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।




