
डौंडी ब्लॉक के वनांचल इलाके के ग्राम जुनवानी में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है। गांव में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान शुरू होने से अब ग्रामीणों को राशन लेने के लिए 5 किलोमीटर दूर भर्रीटोला की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इस पहल से गांव के करीब 70 परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
जिला प्रशासन ने शनिवार शाम 5 बजे इसकी जानकारी दी। पहले ग्रामीणों को कच्ची सड़कों से पैदल या साइकिल से भर्रीटोला जाना पड़ता था, जो खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए कठिन था। ग्रामीण हरिश्चंद्र नायक ने कहा, “पहले राशन लाना किसी मुसीबत से कम नहीं था। अब गांव में दुकान खुलने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।”
महिला ग्रामीण तीज बाई ने बताया, “पहले हर बार किसी को साथ ले जाना पड़ता था। अब गांव में ही राशन मिलने से मैं खुद ले आती हूं।” सालिक राम कोलियारा ने कहा, “बरसात में खराब रास्तों की वजह से राशन लाना बहुत मुश्किल था। अब यह झंझट खत्म हो गया।”
गांव में राशन दुकान शुरू होने से न केवल समय और मेहनत की बचत हुई है, बल्कि बुजुर्ग और महिलाएं आत्मनिर्भर होकर स्वयं राशन ले पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है, “अब धूप-बरसात में लंबा सफर नहीं करना पड़ता। गांव में ही सुविधा मिल गई, यही असली राहत है।”




