ग्राम परसतराई में महिला के गले से खींची 1.80 लाख की सोने की चेन, अज्ञात बाइक सवार फरार
बालोद छत्तीसगढ़

बालोद जिले के ग्राम परसतराई में एक महिला किराना दुकानदार के गले से करीब 1.80 लाख रुपये की सोने की चेन खींचकर अज्ञात आरोपी बाइक से फरार हो गया। घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की है। पीड़िता इंदिरा साहू ने बताया कि आरोपी ने चेन खींचते ही मौके से भाग निकला। अर्जुदा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
घटना की पूरी दास्तान
इंदिरा साहू ने बताया कि वह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी किराना दुकान में बैठी थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति हेलमेट लगाए दुकान में आया और कुछ सामान खरीदा। सामान देने के बाद इंदिरा घर के अंदर चली गईं।
कुछ देर बाद वही व्यक्ति दोबारा दुकान में लौटा और टेबल को हाथ से ठोकते हुए ‘मिक्चर दो’ कहकर बोला। इंदिरा ने दुकान से चार पैकेट मिक्चर दिए। इसके बाद आरोपी ने छत्तीसगढ़ी में कहा, “अउ एक पैकेट मिक्चर दे दाई”।
इंदिरा एक पैकेट तोड़ रही थीं, तभी आरोपी ने अचानक उनके गले में पहनी सोने की चेन खींच ली और बाहर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इंदिरा ने अपने नाती कृष्णा साहू को आवाज दी, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था।
पुलिस जांच में तेजी
अर्जुदा थाने के प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस धारा 304 (चोरी या डकैती के प्रयास) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपी की बाइक का नंबर और पहचान जल्द ही उजागर करने का दावा किया गया है।
ग्रामीण इलाकों में ऐसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पीड़िता इंदिरा साहू ने कहा, “मैं दुकान पर अकेली थी, इसलिए ऐसा हो गया। अब सावधानी बरतूंगी।”






