25 वर्षों की गौरवगाथा पर ‘आरुग म्यूजिक’ का विशेष समर्पण — “जय छत्तीसगढ़” महतारी वंदना रिलीज
रायपुर, 27 अक्टूबर

छत्तीसगढ़ राज्य के स्वाभिमान, संस्कृति और 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को समर्पित एक भव्य प्रस्तुति आज रिलीज हुई। ‘आरुग म्यूजिक’ (Arug Music) ने राज्य की रजत जयंती के अवसर पर “जय छत्तीसगढ़” नामक छत्तीसगढ़ महतारी वंदना प्रस्तुत की है, जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।
इस दिन का ऐतिहासिक महत्व भी खास है। ठीक 25 साल पहले, 27 अक्टूबर 1999 को अभिनेता अनुज शर्मा की प्रसिद्ध फिल्म “मोर छइयां भुईयां” रिलीज हुई थी, जिसने छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दी और राज्य के गीत, संगीत, बोली और संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाया था।
“जय छत्तीसगढ़” उसी गौरव, मान-सम्मान और सांस्कृतिक एकता की भावना को आगे बढ़ाने वाला एक भावनात्मक वंदन गीत है।
राज्य की विविधता एक सूत्र में
यह गीत सरगुजा से लेकर बस्तर तक फैले छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य, तीर्थस्थलों और प्रगतिशील विकास की झलक दिखाता है। इसमें ढोलकल के गणेशजी, बस्तर की प्राकृतिक शोभा, सरगुजा के संगीत, शतकीपीठों और आराध्य देवस्थलों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
32 दिग्गज कलाकारों की आवाज़
इस जयगान में छत्तीसगढ़ के 32 मूर्धन्य कलाकारों ने स्वर दिया है, जिनमें 4 पद्मश्री सम्मानित, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कृत और देश-विदेश में ख्यात कलाकार शामिल हैं। गीत को छत्तीसगढ़ की 6 प्रमुख बोलियों में पिरोया गया है, जिससे यह पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है।
छत्तीसगढ़ महतारी को समर्पित
“जय छत्तीसगढ़” महतारी वंदना छत्तीसगढ़ की आत्मा, उसके सपनों, मेहनत, संस्कृति और प्रगति का प्रतीक बन गई है। रजत जयंती वर्ष पर यह गीत प्रदेशवासियों की ओर से माँ छत्तीसगढ़ को भावभीनी श्रद्धांजलि और अभिनंदन है।
जय छत्तीसगढ़!




