छत्तीसगढ़राज्य

सिलयारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने लिया संज्ञान

धरसीवा, 24 सितंबर 2025:

धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा द्वारा सिलयारी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग पत्र पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। इस मुद्दे पर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

आवास एवं जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक अनुज शर्मा ने 2 सितंबर 2025 को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था। पत्र में सिलयारी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर जोर दिया गया था।

केंद्रीय मंत्री ने अपने जवाब पत्र में बताया कि संबंधित अधिकारियों को इस मामले में ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांच (feasibility check) करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। फिजिबिलिटी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “धरसीवा और सिलयारी निवासियों की इस जरूरत को संज्ञान में लेने के लिए मैं केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह प्रदेश और देश में संवेदनशील सरकार का उदाहरण है कि आमजन की सुविधा को महत्व दिया जा रहा है। सिलयारी स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से हजारों लोगों को सीधी राहत मिलेगी। मुझे विश्वास है कि बहुत जल्द हमारी यह मांग पूरी होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “क्षेत्र के विकास और जनसुविधा से जुड़े हर मुद्दे को पटरी पर लाने के लिए हम सतत प्रयासरत हैं और जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे।”

केंद्रीय मंत्री के जवाब पत्र को पढ़कर क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इससे यात्रा सुगम होगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!