
“क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता” – अनुज शर्मा
रायपुर, छत्तीसगढ़: धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सिलयारी रेलवे स्टेशन पर अम्बिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस और इतवारी-बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्री अनुज शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। यह मांग स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विधायक के निजी निवास पर मुलाकात के दौरान उठाई गई थी, जहां उन्होंने ट्रेनों के ठहराव बंद होने से होने वाली असुविधाओं को सामने रखा।
विधायक श्री अनुज शर्मा ने बताया कि सिलयारी रेलवे स्टेशन पर पहले इन दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव था, जिसे कोविड काल के दौरान बंद कर दिया गया और अब तक पुनः शुरू नहीं किया गया है। सिलयारी एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और छात्र-छात्राएं नियमित रूप से आवागमन करते हैं। ठहराव बंद होने से इन सभी वर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा, “रेलवे प्रशासन ने कई स्टेशनों पर बंद हुए ठहराव को पुनः शुरू किया है, लेकिन सिलयारी स्टेशन को इससे वंचित रखा गया है। मैंने माननीय रेल मंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सिलयारी स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव को शीघ्र बहाल करने का अनुरोध किया है। जल्द ही मैं इस मुद्दे को लेकर रेल मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करूंगा।”
विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्धता जताई और आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को तब तक उठाते रहेंगे, जब तक इसका समाधान नहीं हो जाता।




