
नवरात्रि के पावन अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन कार्यों में जोरा में हॉट बाजार निर्माण (1.54 करोड़ रुपये), सिलतरा में सीसी रोड निर्माण एवं सतनामी समाज सामुदायिक भवन निर्माण (20 लाख रुपये), और गोढ़ी में सामुदायिक भवन निर्माण (20 लाख रुपये) शामिल हैं। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन विधायक अनुज शर्मा के करकमलों से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा, “किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार उसका विकास है। हमारा लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना निर्माण के माध्यम से समग्र विकास और जनता का सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। ये विकास कार्य समृद्ध और सशक्त धरसींवा के संकल्प को गति प्रदान करेंगे, साथ ही आर्थिक प्रगति को भी बढ़ावा देंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी विष्णु देव साय जी की सरकार ग्रामों के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना और धरसींवा विधानसभा को एक आदर्श विधानसभा बनाना हमारा लक्ष्य है।”

इस आयोजन में विधायक अनुज शर्मा के साथ भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों को लेकर उत्साह और खुशी व्यक्त की।




