
धरसींवा विधानसभा के नगर पंचायत खरोरा में महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज महिला सभा द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर श्री शर्मा ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की और समाज को संबोधित किया।

अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “सभी को महाराजा अग्रसेन जयंती और नवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई। अग्रवाल समाज हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है, चाहे वह सेवा, शिक्षा हो या व्यापार। समाज की उन्नति संस्कृति और अर्थव्यवस्था के संतुलन से होती है, और महाराजा अग्रसेन जी ने यही शिक्षा दी।”

उन्होंने आगे कहा, “महाराजा अग्रसेन ने व्यापार और आर्थिक विकास के सिद्धांतों के साथ-साथ वैदिक धर्म, संस्कृति और आदर्शों का पालन करते हुए समाज के सभी वर्गों के लिए समान अवसरों पर जोर दिया। उनके द्वारा स्थापित समानता, भाईचारा और न्याय के आदर्श आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। अग्रवाल समाज ने इन आदर्शों पर चलते हुए व्यापार में सफलता हासिल की और देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।”

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के साथ अग्रवाल समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन समाज की एकता और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जीवंत करने का एक शानदार प्रयास रहा।




