
छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा नियमितीकरण, ग्रेड पे, 27% वेतन वृद्धि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन 23वें दिन और तेज हो गया। आज कर्मचारियों ने बालोद के तांदुला डैम में जल सत्याग्रह और नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया।
जल सत्याग्रह और समर्थन
प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारियों ने जल सत्याग्रह का कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ओबीसी महासंघ और प्रांता ग्राम पंचायत भृत्य कल्याण रायपुर ने धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन प्रदान किया। कर्मचारियों का कहना है कि विभिन्न संगठनों और समुदायों का समर्थन उनकी मांगों को और मजबूती दे रहा है।
10 सितंबर को बाइक रैली
आंदोलन को और तेज करने के लिए कर्मचारियों ने 10 सितंबर 2025 को बालोद के बस स्टैंड से जिला भाजपा कार्यालय तक बाइक रैली निकालने का निर्णय लिया है। यह रैली उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का एक और प्रयास होगा।
सरकार के वादे अधूरे
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र “मोदी की गारंटी” में 100 दिन में कमेटी गठन कर नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन 20 माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

राजनीतिक समर्थन
कम्युनिस्ट पार्टी के राज्यसभा सांसद संदोष कुमार पी ने एनएचएम कर्मचारियों को समर्थन देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र लिखा है। वहीं, सांसद विजय बघेल और बृजमोहन अग्रवाल ने भी कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करने की बात कही। बृजमोहन अग्रवाल ने जरूरत पड़ने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी बात करने का आश्वासन दिया।
हड़ताल से प्रभावित सेवाएं
हड़ताल के कारण प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इनमें शामिल हैं:
-
शासकीय अस्पतालों में संस्थागत प्रसव
-
पैथोलॉजी जांच (खून, पेशाब, ट्रू-नाट, सीबीनाट)
-
टीबी, कुष्ठ, मलेरिया जांच
-
ओपीडी और नवजात शिशु देखभाल
-
स्कूल और आंगनबाड़ी स्वास्थ्य परीक्षण
-
पोषण पुनर्वास केंद्र
-
एनसीडी स्क्रीनिंग और वृद्ध स्वास्थ्य परीक्षण
-
आपातकालीन सेवाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर है, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के हड़ताल पर होने से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की ओपीडी पूरी तरह बंद है।
हड़ताल में शामिल कर्मचारी
आज के जल सत्याग्रह में जिला अध्यक्ष खिलेश साहू, उपाध्यक्ष प्रेम, संरक्षक दिनेश खर्कवाल, मीडिया प्रभारी चंदन गिरी, डॉ. डॉली शिवांगी साहू, झरना नामदेव, दिनेश्वरी पटेल, किरण, लोकेश वर्मा, लोकेंद्र, रोहित, राहुल, तोष, रश्मि, रविकांत, अनीता, दुष्यंत, योगेश, मुकेश सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रदेशव्यापी आंदोलन
प्रदेशभर के 16,000 से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हैं, जो अपनी मांगों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।




