
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सम्मेलन एवं तीजा पोरा तिहार में विधायक अनुज शर्मा ने माताओं, बहनों और दीदियों का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर लोकगीत, पारंपरिक साज-सज्जा, तीज की मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं की अनुपम झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में सामूहिक और एकल नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागी माताओं-बहनों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विजयी महिलाओं को पुरस्कृत कर विधायक अनुज शर्मा ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विधायक अनुज शर्मा का संबोधन
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने सभी माताओं और बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा:
“तीजा का यह पर्व नारी शक्ति, संवेदना, समर्पण और स्नेह का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा को दर्शाता है, जिसमें महिलाएं अपने पति के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए कठिन व्रत रखती हैं। हमारे धर्म में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता’। इसी मान्यता को अपनाते हुए छत्तीसगढ़ की डबल इंजन भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि उनके खातों में प्रदान कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खेत-खलिहानों में काम कर रही हैं और प्रदेश की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। छत्तीसगढ़ के निर्माण के बाद से महिलाओं में शिक्षा और साक्षरता का तेजी से प्रसार हुआ है। तीज केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जो हमें हमारी जड़ों से जोड़े रखता है और नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं से परिचित कराता है। यह पर्व सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है, क्योंकि इसमें हर वर्ग और समुदाय की महिलाएं एक साथ उत्सव मनाती हैं।

तीज: नारी शक्ति और एकता का संदेश
विधायक शर्मा ने कहा कि तीज पर्व नारी शक्ति, आत्मविश्वास और एकता का संदेश देता है। यह त्योहार सामाजिक एकजुटता को मजबूत करता है और हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखता है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, इंद्र कुमार साहू, सरोज पांडे, महापौर मीनल चौबे, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष मोना सेन, राज्य समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष शालिनी राजपूत, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभू नाथ चक्रवर्ती, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित अनेक दीदी-बहनें उपस्थित रहीं।





