छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन पर अनोखा उपहार: बहनों ने भाई को बांधी राखी, सिर पर सजाया हेलमेट

बालोद,

रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार बालोद जिले में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर स्नेह भरी राखियां बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने बहनों की रक्षा का संकल्प लिया। इस बार त्यौहार में एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम परसवानी में दो बहनों ने अपने भाई की सुरक्षा के लिए राखी के साथ-साथ हेलमेट भी उपहार में दिया।

ग्राम बटेरा की ममता यादव और ग्राम जगन्नाथपुर की माधुरी यादव ने अपने भाई विनोद यादव के लिए यह खास उपहार चुना। यह पहल कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता अभियान से प्रेरित थी। दोनों बहनों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट न पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से जान का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए, उन्होंने अपने भाई की दीर्घायु की कामना को सार्थक करने के लिए राखी के साथ हेलमेट उपहार में देने का फैसला किया।

विनोद यादव ने इस पहल पर खुशी जताते हुए बताया कि कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में वे घायल हो गए थे। उस दौरान हेलमेट न पहनने के कारण उनका सिर फट गया था और आंख को भी चोट लगी थी। उस घटना ने उन्हें हेलमेट की महत्ता समझाई। उन्होंने अपनी बहनों के इस जागरूकता भरे कदम की सराहना करते हुए कहा, “हेलमेट पहनने से जान बच सकती है। मैंने जो गलती की, वह कोई और न करे।”

विनोद ने कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे हेलमेट जागरूकता अभियान की प्रशंसा करते हुए सभी दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की। यह अनोखी पहल न केवल रक्षाबंधन के पर्व को और अधिक सार्थक बनाती है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!