
आज राजधानी रायपुर के भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशव्यापी “तिरंगा यात्रा” के तहत छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में आयोजित होने वाले “मोर तिरंगा-मोर अभिमान” अभियान की तैयारियों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल अध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा के साथ विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए।
तिरंगा: एकता और सम्मान का प्रतीक
विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी एकता, शौर्य और सम्मान का प्रतीक है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में #HarGharTiranga अभियान पिछले तीन वर्षों से देशभर में जन-जन का अभियान बन चुका है। राष्ट्रध्वज तिरंगा हमारे गौरवशाली राष्ट्र की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह अभियान प्रत्येक भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति गर्व और आत्मीयता को जागृत करने का एक प्रेरणादायक माध्यम है।”

जन-जन तक राष्ट्रभक्ति का संदेश
अनुज शर्मा ने सभी से इस अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि माँ भारती के वैभव को प्रदर्शित करने वाले इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। अपने घरों, प्रतिष्ठानों, बूथों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराएँ। हर घर में तिरंगा लगाएँ और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी http://harghartiranga.com पर अपलोड करें।”
कार्यशाला में हुई विस्तृत चर्चा
कार्यशाला में जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, प्रदेश संयोजक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंजय शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष अपेक्स बैंक छत्तीसगढ़ अशोक बजाज सहित वरिष्ठजन, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, बूथ एवं शक्ति केंद्र प्रभारी व सह-प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई और विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।

अभियान का उद्देश्य
#HarGharTiranga अभियान का उद्देश्य हर भारतीय के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और सशक्त करना है। यह अभियान देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान को बढ़ावा देने का एक अनूठा प्रयास है।




