
“केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी की ऊर्जा, कार्यक्षमता और दूरदर्शिता प्रेरणादायी; भारत की सड़क अवसंरचना को विश्वस्तरीय स्वरूप दे रहे हैं” – अनुज शर्मा
धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने ग्राम सांकरा (राष्ट्रीय राजमार्ग 30) में वाहन अंडरपास (VUP) की स्वीकृति के लिए क्षेत्रवासियों और छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों की ओर से श्री गडकरी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
श्री शर्मा ने कहा कि इस अंडरपास के निर्माण से क्षेत्रवासियों को वर्षों से हो रही असुविधाओं और सड़क दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी। साथ ही, यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा, “माननीय नितिन गडकरी जी की ऊर्जा, कार्यक्षमता और दूरदर्शिता वाकई प्रेरणादायी है। उनके नेतृत्व में भारत और छत्तीसगढ़ में सड़क अवसंरचना विश्वस्तरीय स्तर पर पहुंच रही है, जो उत्कृष्टता और गति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।”
इस भेंट में विधायक श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और भविष्य की परियोजनाओं पर भी श्री गडकरी के साथ सार्थक चर्चा की। उन्होंने इन प्रयासों के लिए पुनः केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।




